मोदी ने नफ़रत फैलाकर भारत को कमज़ोर कियाः राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नफ़रत फैलाकर भारत को कमज़ोर कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने रविवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए भारत को कमज़ोर करने की बात कही।
पीटीआई के अनुसार राहुल गांधी ने कहा कि अब विपक्ष के पास जनता के पास जाने और सीधा संवाद करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। राहुल गांधी ने कहा कि मीडिया पर दो उद्योगपतियों का नियंत्रण है। विपक्ष के पास कोई रास्ता नहीं है, उसे जनता के बीच जाना होगा। भारत जोड़ो यात्रा हम इसीलिए आरंभ कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जबसे भाजपा की सरकार आई है तबसे देश में नफरत और क्रोध बढ़ता जा रहा है। उनके मुताबिक़ जिसको डर होता है उसी के दिल में नफरत पैदा होती है। जिसको डर नहीं होता है उसके दिल में नफरत पैदा नहीं होती।
राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में भविष्य का डर, महंगाई का डर और बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। इसके कारण नफरत बढ़ती जा रही है। नफरत से लोग बंटते हैं और देश कमजोर होता है। भाजपा और आरएसएस के नेता देश को बांटते हैं तथा जानबूझकर देश में भय और नफरत पैदा करते हैं।
गांधी ने कहा कि इस डर और नफरत का फायदा किसको मिल रहा है। क्या गरीब आदमी को फायदा मिल रहा है? पूरा का पूरा फायदा हिंदुस्तान के दो उद्योगपति उठा रहे हैं। बाकी उद्योगपतियों से पूछ लो वे भी बताएंगे कि सिर्फ दो व्यक्तियों का फायदा हुआ है। सबकुछ इन्हीं दो व्यक्तियों के हाथों में जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री तो हैं लेकिन दो उद्योगपतियों के समर्थन के बिना वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकते, मीडिया के समर्थन के बिना वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकते।
गांधी के अनुसार सभी संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव है। यह सरकार उनपर आक्रमण कर रही है। राहुल गांधी ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी जी की विचारधारा कहती है कि देश को बांटना है और फायदा कुछ चुनिंदा लोगों को देना है। हमारी विचारधारा कहती है कि यह देश सबका है और फायदा किसानों, मजदूरों और छोटे दुकानदारों को मिलना चाहिए।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी जी नफरत फैला रहे हैं। इससे फायदा भारत को नहीं होगा। इससे फायदा चीन एवं पाकिस्तान को होगा। नफरत से हिंदुस्तान कमजोर होगा। नरेंद्र मोदी जी ने हिंदुस्तान को कमजोर करने का काम किया है।