मोज़ांबीक की दाल गल सकती है भारत में
भारत के प्रधानमंत्री ने अफ़्रीकी देशों की यात्रा के पहले चरण में गुरूवार को मोज़ांबीक की राजधानी में इस देश के राष्ट्रपति फिलिप नयूसी से भेंटवार्ता की।
नरेन्द्र मोदी और फिलिप नयूसी ने द्विपक्षीय संबन्धों और अन्तर्राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श किया।
भारत में दाल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए मोज़ांबीक से लंबे समय तक दाल की ख़रीदारी सहित युवा मामले और खेल के क्षेत्र में तीन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इसके साथ ही मादक दवाओं, मादक पदार्थों और रसायनों के अवैध व्यापार की रोकथाम को लेकर समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए।
भारत के प्रधानामंत्री मोदी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रपति फिलिप के नेतृत्व में भारतीय निवेश को एक बेहतर माहौल मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोजांबिक को जो चाहिए वो भारत के पास है। मोदी ने कहा कि दोनो देश एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि हम खाद्य सुरक्षा और दूसरे अन्य क्षेत्रों में भी अपनी साझेदारी को मज़बूत कर रहे हैं।
भारतीय प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कृषि के क्षेत्र में भारत और मोज़ांबीक, सहयोग के लिए सहमत हुए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति फिलिप नयूसी के बातचीत में दोनों नेता इस बात पर एकमत हैं कि आज दुनिया के सामने आतंकवाद सबसे गंभीर खतरा है।
ज्ञात रहे कि भारत में पिछले दो वर्षों के दौरान दालों की क़ीमत में बहुत तेज़ी से वृद्धि हुई है। नरेन्द्र मोदी मोज़ांबीक के बाद दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और केन्या जाएंगे।
भारतीय प्रधानामंत्री मोदी अपने 25 महीनों के शासन काल में विश्व के 50 से अधिक देशों की यात्रा कर चुके हैं।
हाल ही में उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान, क़तर, स्वीज़रलैण्ड, उज़बेकिस्तान और कुछ अन्य देशों की यात्रा की थी। अपनी यात्राओं में भारतीय प्रधानमंत्री ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में सदस्यता के लिए भारत के आवेदन के लिए समर्थन प्राप्त करने के प्रयास किये थे किंतु चीन तथा कुछ अन्य देशों ने इसका इसलिए विरोध किया था क्योंकि भारत ने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं किये हैं।
उल्लेखनीय है कि अफ्रीकी महाद्वीप के देशों के साथ संबंध बढ़ाने के उद्देश्य से अपनी चार अफ्रीकी देशों की यात्रा के अन्तर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल देर रात दक्षिण अफ्रीका पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान मोदी, दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा और उप राष्ट्रपति क्रिल रामाफोसा से मुलाकात करेंगे।