सारे ईरानी आईआरजीसी हैंः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के ईरान और आईआरजीसी विरोधी शत्रुतापूर्ण बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बल दिया कि आज ईरान की महिलाएं, पुरुष, बूढ़े और जवान सभी आईआरजीसी हैं।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने शनिवार की रात ट्वीट किया कि सारे ईरानी पूरी शक्ति के साथ उन लोगों के साथ खड़े हैं जो अतिक्रमण और हमलों के मुक़ाबले में ईरान और क्षेत्र की रक्षा कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार की रात अपने घिसे पिटे बयान में ईरान द्वारा संयुक्त समग्र कार्य योजना जेसीपीओए की पुष्टि नहीं की और एक बार फिर उन्होंने ईरान पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाते हुए इस्लामी क्रांति संरक्षक बल सिपाहे पासदारान पर नये प्रतिबंध लगा दिए।
आईआरजीसी इराक़ और सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों से संघर्ष के लिए इन देशों के आधिकारिक निमंत्रण पर परामर्श सहायता दे रही है और अमरीका समर्थित आतंकवादियों से संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
वाइट हाऊस ने शुक्रवार को ईरान और ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की नई और तथाकथित व्यापक रणनीति जारी की और उसके कुछ देर बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने अपने बयान में ईरान पर जेसीपीओए के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा है कि जेसीपीओए अमरीकी इतिहास का सबसे बुरा समझौता है और जब भी आवश्यक समझेंगे इस समझौते को तोड़ देंगे।
डोनल्ड ट्रम्प ने इसी प्रकार ईरान पर नये प्रतिबंध लगाने की भी सूचना दी है। (AK)