विदेशियों की समस्त नौकाएं ईरानी मीज़ाइलों के निशाने पर हैंः जनरल सफ़वी
इस्लामी गणतंत्र ईरान की सशस्त्र सेना के कमान्डर के वरिष्ठ सलाहकार का कहना है कि फ़ार्स की खाड़ी में समस्त अमरीकी युद्धक बेड़े, आईआरजीसी की नौसेना के धरती से समुद्र में मार करने वाले मीज़ाइलों के निशाने पर हैं।
सिपाहे पासदारान के वरिष्ठ कमान्डर जनरल सैयद यहिया रहीम सफ़वी ने रविवार को फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि क्षेत्र में अमरीका की 25 से अधिक छावनियां हैं। उनका कहना था कि अमरीकियों को भलिभांति पता है कि फ़ार्स की खाड़ी में उनके समस्त बेड़े और नौकाएं, आईआरजीसी की धरती से समुद्र में मार करने वाले मीज़ाइलों के निशाने पर हैं।
जनरल सफ़वी ने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी में पहली गोली चलने से तेल का मूल्य 100 डाॅलर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह 100 डाॅलर वाला तेल अमरीका, यूरोप और जापान व दक्षिणी कोरिया जैसे अमरीका के दोस्तों के लिए असहनीय होगा।
इस्लामी गणतंत्र ईरान की सशस्त्र सेना के कमान्डर के वरिष्ठ सलाहकार का कहना है कि अमरीका, ज़ायोनी शासन और कुछ अरब देशों की शक्ति का पतन हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र के अरब रूढ़ीवादी देशों के राष्ट्राध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि अमरीका कभी भी अपने पिट्ठुओं के प्रति निष्ठावान नहीं रहे और न ही रहेंगे।
जनरल सफ़वी ने कहा कि ईरान हमेशा से पड़ोसी देशों के साथ अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंधों के प्रयास में रहा है । उनका कहना था कि ईरान की रणनीति, पड़ोसी से दुश्मनी न करना है। उन्होंने कहा कि ईरान पड़ोसी देशों के साथ दुश्मनी न करने का समझौता भी करना चाहत है। (AK)