Aug २७, २०२३ ०८:४१ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान ने की भारतीय वैज्ञानिकों की तारीफ़, ब्रिक्स की सदस्यता को लेकर भी दिया बड़ा बयान

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़हरा बलूच का कहना है कि पाकिस्तान भी एक महत्वपूर्ण विकासशील देश है, जिसने दक्षिण के देशों के बीच शांति, एकजुटता और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़हरा बलूच ने शुक्रवार को कहा कि देश ने ब्रिक्स में शामिल होने के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं किया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि देश हालिया घटनाओं का जायज़ा लेगा और ब्रिक्स के साथ अपने भविष्य को लेकर निर्णय करेगा। पाकिस्‍तान ने भारत के चंद्रयान-3 मिशन को लेकर कहा कि इसके लिए इसरो के वैज्ञानिक सराहना के पात्र हैं। पाकिस्तान बहुपक्षवाद का एक प्रबल समर्थक है और कई बहुपक्षीय संगठनों के सदस्य के रूप में यह हमेशा से रहा है और वैश्विक शांति और विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भी एक महत्वपूर्ण विकासशील देश है, जिसने दक्षिण के देशों के बीच शांति, एकजुटता और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं। मुमताज़ ज़हरा बलूच ने कहा, "हम अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की भावना को बढ़ावा देने और समावेशी बहुपक्षवाद को पुनर्जीवित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपने प्रयास जारी रखेंगे।"

भारत के चंद्रयान-3 मिशन पर पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा, "मैं केवल इतना कह सकती हूं कि यह एक महान वैज्ञानिक उपलब्धि है, जिसके लिए इसरो वैज्ञानिक सराहना के पात्र हैं।" ग़ौरतलब है कि ब्रिक्स देशों के समूह ने गुरुवार को छह नए सदस्यों- इस्लामी गणराज्य ईरान, अर्जेंटीना, इथियोपिया, मिस्र, सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात को शामिल करने का फ़ैसला किया। नई सदस्यता 1 जनवरी, 2024 से प्रभावी होगी। ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ़्रीक़ा (ब्रिक्स) के नेताओं ने समूह के विस्तार का समर्थन किया, 2010 के बाद इस तरह का पहला विस्तार है। इससे पहले दक्षिण अफ़्रीक़ा को इस समूह में शामिल किया गया था। इस विस्तार के साथ, दुनिया के नौ सबसे बड़े तेल उत्पादकों में से छह अब ब्रिक्स का हिस्सा हैं। (RZ)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें

 

टैग्स