Sep १७, २०२३ १०:४४ Asia/Kolkata
  • लीबिया में बेहद दर्दनाक हालात, मल्बे से अब तक निकल रहे हैं जीवित लोग

लीबिया में विनाशकारी तूफ़ान के बाद हालात बहुत ख़राब हैं, अब तक मलबे से लोगों को निकाला जा रहा है जबकि मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

लीबिया के स्थानीय टीवी चैनल ने दिखाया कि दिर्ना शहर में मल्बे के नीचे से एक परिवार के 11 लोगों को जीवित बाहर निकाला गया।

दूसरी तरफ़ समुद्री और हवाई मार्ग से अंतर्राष्ट्रीय सहायताओं की खेप भी लीबिया पहुंच रही है।

अंतर्राष्ट्रीय सहायता टीमें भी काम कर रही हैं जबकि स्थानीय वालंटियर्ज़ भी लगातार सहायता कार्यों में व्यस्त हैं।

शहर के तटीय भाग से और इमारतों के मल्बे के नीचे से लगातार शव निकल रहे हैं।

पानी के भीतर से भी शव निकाले जा रहे हैं जिसके लिए नौकाओं और हेलीकाप्टरों की मदद ली जा रही है। इंफ़्रास्ट्रक्चर चूंकि पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है इसलिए सहायता कार्य में बड़ी रुकावटें आ रही हैं।

स्थानीय प्रशासन ने पूरी पूर्वी इलाक़ों में एक साल के लिए आपात स्थिति का एलान कर दिया है। विनाशकारी बाढ़ के बाद अब महामारी फैलने का डर है।

दिर्ना से लोगों को हटाया जा रहा है क्योंकि बची हुई इमारतों के बारे में अधिकारियों का ख़याल है कि वो रहने के लायक़ नहीं हैं। वहीं मल्बा हटाने के लिए सुरक्षा बलों को काम करने में भी दिक़्क़तें आ रही हैं इसलिए भी इलाक़े को ख़ाली करवाना ज़रूरी हो गया है।

इलाक़े का पानी भी दूषित हो गया है जबकि मल्बे के नीचे दबे शवों के भी सड़ने की आशंका है। इसलिए भी यहां से लोगों को हटाया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि 150 से अधिक लोग दूषित पानी पीने की वजह से फ़ूड प्वाइज़निंग का शिकार हो गए।

संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी स्थानीय लोगों से कहा है कि भूमिगत स्रोतों से पीने का पानी हरगिज़ न लें क्योंकि अब यह संभावित रूप से दूषित हो चुका है।

इस बीच सऊदी अरब, कुवैत, तुर्किए, इमारात और दूसरे कई देशों से अंतर्राष्ट्रीय सहायताएं लीबिया पहुंची हैं। फ़्रांस ने भी सहायता सामग्री की खेप लीबिया भेजी है।

लीबिया में डैनियल चक्रवात से मची तबाही में मरने वालों की संख्या 11300 से अधिक हो चुकी है, हज़ारों लोग अब भी लापता हैं।  

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें

टैग्स