Sep २०, २०२३ १६:३५ Asia/Kolkata
  • नागोर्नो-काराबाख़ में शांति समझौते पर सहमति

नागोर्नो-काराबाख़ क्षेत्र में रहने वाले अर्मेनियाई नागरिक आज़रबाइजान के साथ युद्धविराम के रूसी प्रस्ताव पर सहमत हो गए हैं।

इससे एक दिन पहले ही आज़रबाइजान ने इस एन्क्लेव पर नियंत्रण के लिए आक्रामक अभियान शुरू किया था।

आज़रबाइजान के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि वह अर्मेनियाई आबादी वाले पहाड़ी क्षेत्र में युद्धविराम पर सहमति बन गई है।

अर्मेनियाई प्रधान मंत्री निकोल पशिनियान ने कहा है कि नागोर्नो कराबाख़ में अलगाववादियों और आज़रबाइजान के बीच, संघर्ष विराम होना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विवादित क्षेत्र में रूसी शांति सैनिकों द्वारा इसे सुनिश्चित किया जाएगा।

पशिनियन ने एक टीवी संबोधन में कहाः हमें उम्मीद है कि सैन्य तनाव जारी नहीं रहेगा, क्योंकि मौजूदा परिस्थितियों में स्थिरता सुनिश्चित करना और युद्धक कार्यवाहियों को रोकना बहुत महत्वपूर्ण है।

आज़रबाइजान मीडिया के अनुसार, रक्षा मंत्रालय का कहना है कि आज़री सेना ने नागोर्नो-काराबाख़ में 90 फ़ीसद से अधिक क्षेत्र और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ठिकानों पर नियंत्रण कर लिया है।

नागोर्नो-काराबाख़ के अधिकारियों का कहना है कि हालिया संघर्ष में 32 लोगों की मौत हुई है। संघर्ष विराम के तहत स्थानीय सेना के पास से पूरी तरह हथियार हटाने और आर्मीनिया के सुरक्षाबलों की वापसी शामिल है।

नागोर्नो-काराबाख़ की अधिकतर आबादी आर्मीनियाई मूल की है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय जगत इस इलाक़े को आज़रबाइजान के हिस्से के तौर पर मान्यता देता है। msm

टैग्स