Jun १७, २०२४ १९:२० Asia/Kolkata
  • नाटो दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की ओर धकेल रहा है, फ़्रांसीसी पैट्रियट पार्टी के नेता

फ़्रांसीसी पैट्रियट पार्टी के नेता फ़्लोरियन फ़िलिपोट ने यूरोपीय लोगों से जागने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी है कि नाटो दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की ओर धकेल रहा है।

यूरोप में दक्षिणपंथी पार्टियों की लोकप्रियता में इज़ाफ़े और यूरोपीय संसदीय चुनावों में इन पार्टियों की सफलता के बाद, वे अब विभिन्न यूरोपीय देशों, विशेषकर फ़्रांस के राजनीतिक मैदान में अधिक प्रभावशाली तरीक़े से मौजूद हैं।

इनमें से ज़्यादातर पार्टियां अलगाववादी हैं और वह यूरोपीय संघ और नाटो से बाहर निकलने की मांग करती हैं। इस संबंध में फ़्रांसीसी पैट्रियट पार्टी के नेता फ़िलिपोट ने आधिकारिक तौर पर यूरोप के लोगों को जागृत करने और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय संघ से पेरिस के बाहर निकलने का आह्वान किया है।

फ़िलिपोट का कहना थाः फ़्रांस विलुप्त होने के ख़तरे की कगार पर है, अगर हम स्वयं नहीं जागे, तो जब जागेंगे, तब बहुत देर हो चुकी होगी और यह बहुत क्रूर और दर्दनाक होगा।

फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में फ़्रांसीसी लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखाः आइए फ्रांसीसी राजनीतिक सर्कस और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन को भूल जाएं, नाटो नेताओं के बयानों से संकेत मिलता है कि वे दुनिया को विश्व युद्ध की ओर धकेल रहे हैं।

फ़्रांसीसी पैट्रियट पार्टी के नेता ने यह चेतावनी ऐसे वक़्त में दी है, जब नाटो महासचिव स्टोलटेनबर्ग ने कहा है कि नाटो एक परमाणु गठबंधन है और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन परमाणु हथियार तैयार करने के लिए परामर्श कर रहा है।

इस मुद्दे की गहराई में गए बिना उन्होंने कहा कि इस सैन्य समझौते के सदस्य देशों ने अपने परमाणु हथियार तैयार करने की ज़रूरत पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है।

स्टोल्टेनबर्ग ने आगे कहा कि नाटो का लक्ष्य परमाणु हथियारों से मुक्त दुनिया है, उन्होंने कहा कि जब तक दुनिया में परमाणु हथियार हैं, हम परमाणु गठबंधन बने रहेंगे। msm

 

टैग्स