ब्रिटेन को यूरोपीय संघ के तत्काल निकल जाना चाहिएः फ़्रांस
फ़्रांस के राष्ट्रपति ने कहा है कि ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से निकलने की प्रक्रिया को तत्काल आरंभ कर देना चाहिए।
फ़्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वां ओलांद ने ब्रसल्ज़ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिटेन की जनता ने अपना रास्ता चुन लिया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने बहुमत से यूरोपीय संघ से निकलने का निर्णय ले लिया है अतः उसे यूरोपीय संघ से निकलने के लिए तेज़ी से कार्यवाही करनी चाहिए।
ब्रेक्जिट को लेकर यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के बीच बढ़ती तकरार के अन्तर्गत यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन क्लाउड जंकर ने ब्रिटेन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर उसे अलग होना है तो तुरंत इसकी प्रक्रिया शुरू करे। उन्होंने कहा कि अस्थिरता से यूरोप और वैश्विक बाजार को नुकसान हो रहा है। इसी बीच ब्रिटिश वित्तमंत्री जॉर्ज ओसबोर्न ने कहा कि ब्रिटेन जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाएगा। उन्होंने कहा कि नए प्रधानमंत्री के शपथ लेने के बाद ही ब्रेक्जिट पर हम आगे बढ़ेंगे।
ज्ञात रहे कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ब्रेक्जिट के तुरंत बाद कहा था कि वे अक्टूबर में अपना पद छोड़ देंगे और ईयू से अलग होने पर नई सरकार ही बात करेगी।
यूरोपीय संसद के मंगलवार को आपात सत्र में जंकर ने कहा कि जब तक ब्रिटेन ईयू से अलग होने के लिए लिस्बन संधि के अनुच्छेद 50 का इस्तेमाल नहीं करता, उससे कोई गोपनीय या अनौपचारिक वार्ता नहीं होगी।