सीरिया में आतंकवादियों का समर्थन करना ख़तरनाक थाः ट्रम्प का पछतावा
अमरीकी राष्ट्रपति ने यह बात स्वीकार की है कि सीरिया में बश्शार असद की सरकार का विरोध करने वाले सशस्त्र गुटों का समर्थन करना वास्तव में बहुत ख़तरनाक था।
ट्रम्प ने कहा है कि बश्शार असद के विरुद्ध लड़ रहे विद्रोहियों का समर्थन, ख़तरनाक होने के साथ ही साथ बहुत ख़र्चीला भी था इसलिए इसे बंद कर दिया गया।
अमरीकी राष्ट्रपति के इस बयान की जनरल टोनी थामस ने पुष्टि की है जो अमरीका के विशेष अभियानों के प्रमुख हैं। जनरल टोनी थामस का कहना है कि सीरिया में विद्रोहियों की सहायता करने वाले चार साल पुराने इस अभियान को अब बंद कर दिया गया है। जनरल थामस ने साथ ही यह भी कहा कि अमरीका का यह निर्णय, रूस को संतुष्ट करने की इच्छा से प्रेरित नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बहुत से राजनैतिक टीकाकार और सैन्य मामलों के विशेषज्ञ यह कहते आए हैं कि सीरिया में बश्शार असद की सरकार के विरुद्ध लड़ने वाले आतंकवादी गुटों को बहुत बड़े पैमाने पर विदेश से सहायता मिल रही है किंतु उसका कड़ाई से खण्डन कर दिया जाता था। यह बात सीरिया की सरकार भी कह चुकी है कि सीरिया के विनाश पर तुले आतंकवादी गुटों को विदेश से समर्थन मिल रहा है जिसके प्रमाण उसके पास मौजूद हैं।