सऊदी अरब से मिले पाकिस्तान को एक अरब डाॅलर
पाकिस्तान की केन्द्रीय बैंक ने एलान किया है कि इस्लामाबाद को सऊदी अरब से आर्थिक सहायता के रूप में एक अरब डाॅलर मिले हैं।
इर्ना के अनुसार पाकिस्तान की केन्द्री बैंक एसबीपी ने सोमवार को यह घोषणा की है कि उसे सऊदी अरब से एक अरब डाॅलर की सहायता मिली है। एसबीपी के अनुसार यह राशि पाकिस्तान को आर्थिक सहायता के रूप में मिली है। इसी बीच पाकिस्तान के वित्तमंत्री असद उमर ने बताया है कि सऊदी अरब की ओर से एक अरब डाॅलर की सहायता उस समझौते के अन्तर्गत है जो इस्लामाबाद और रियाज़ के बीच हुआ था। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता का दूसरा और तीसरा हिस्सा शीघ्र ही इस्लामाबाद को मिल जाएगा।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की हालिया सऊदी अरब की यात्रा के दौरान यह समझौता हुआ था कि रेयाज़, पाकिस्तान को सहायता के रूप में तीन अरब डाॅलर देगा। पाकिस्तान की सरकार का दावा है कि इस आर्थिक सहायता के लिए इस्लामाबाद ने रेयाज़ के साथ किसी भी प्रकार की विदेशी सहायता या सहयोग का वचन नहीं दिया है। दूसरी ओर पाकिस्तान के विपक्षी दलों का यह कहना है कि सऊदी अरब से यह सहायता कुछ शर्तों के साथ ली जा रही है जिसे जनता के सामने रखा जाए।