आज होगा महा मुक़ाबला, ट्रम्प और बाइडेन में होगी ज़ोर आज़माई
https://parstoday.ir/hi/news/world-i91181-आज_होगा_महा_मुक़ाबला_ट्रम्प_और_बाइडेन_में_होगी_ज़ोर_आज़माई
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन के बीच राष्ट्रपति पद के लिए पहली आधिकारिक बहस आज होगी।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Sep २९, २०२० ०७:४५ Asia/Kolkata
  • आज होगा महा मुक़ाबला, ट्रम्प और बाइडेन में होगी ज़ोर आज़माई

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन के बीच राष्ट्रपति पद के लिए पहली आधिकारिक बहस आज होगी।

अमरीका में तीन नवम्बर को होने वाले चुनाव से पहले ट्रम्प और बाइडेन के बीच तीन बार इस तरह की बहस होगी।

फ़ॉक्स न्यूज के मशहूर एंकर क्रिस वालास पहली बहस का संचालन करेंगे जबकि सी-स्पैन नेटवर्क्स के स्टीव स्कली 15 अक्तूबर को मियामी में होने वाली दूसरी बहस और 'एनबीसी न्यूज की क्रिस्टन वेलकर 20 अक्तूबर को नैशविले में तीसरी बहस का संचालन करेंगी।

61 वर्षीय उप राष्ट्रपति माइक पेंस और उप राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार 55 वर्षीय कमला हैरिस के बीच सात अक्तूबर को उटा के 'सॉल्ट लेक में उप राष्ट्रपति पद के लिए की बहस होगी। यूएसए टूडे की पत्रकार सुसन पेज इसका संचालन करेंगी। सभी चार बहसें, 90 मिनट की होंगी।

कमिशन ऑन प्रेसिडेंशियल डिबेट्स ने अगस्त में राष्ट्रपति पद के लिए सितम्बर की शुरुआत में बहस का आयोजन कराने के ट्रम्प अभियान दल के अनुरोध को ठुकरा दिया था।

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने रविवार को पत्रकारों से कहा था कि न्यूजर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर रूडी गिलियानी उन्हें बहस की तैयारी में मदद कर रहे हैं।

इस बीच कांग्रेस के 70 से अधिक सदस्यों ने सीपीडी को पत्र लिख जलवायु परिवर्तन को बहस का विषय बनाने की अपील की है। अमरीका में राष्ट्रपति पद के लिए पहली बार 26 सितम्बर 1960 को बहस हुई थी। (AK)

ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

इंस्टाग्राम पर हमें फ़ालो कीजिए