कोरोना ने साथ भी दिया तो अमीरों का, ग़रीबों का नहीं
https://parstoday.ir/hi/news/world-i95756-कोरोना_ने_साथ_भी_दिया_तो_अमीरों_का_ग़रीबों_का_नहीं
वैश्विक महामारी कोरोना के काल में संसार के कई अरबपतियों को बहुत लाभ हुआ जबकि ग़रीब अधिक ग़रीब हुआ है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०२, २०२१ १८:४२ Asia/Kolkata
  • कोरोना ने साथ भी दिया तो अमीरों का, ग़रीबों का नहीं

वैश्विक महामारी कोरोना के काल में संसार के कई अरबपतियों को बहुत लाभ हुआ जबकि ग़रीब अधिक ग़रीब हुआ है।

कोविड-19 महामारी के बावजूद दुनियाभर के सारे ही अरबपतियों की कुल संपत्ति में 32 फीसदी की वृद्धि हुई है।  इस प्रकार से विश्व के अरबपतियों की संपत्ति, 147 खरब डॉलर पर पहुंच गई है।

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के 10वें संस्करण के अनुसार दुनिया में 2020 में प्रत्येक सप्ताह आठ नए लोग अरबपति बने हैं।  पिछले एक साल के दौरान 421 नए अरबपति इस सूची में शामिल हुए हैं। इसके साथ ही अब दुनिया में कुल अरबपतियों की संख्या 3,288 हो गई है।  इस हिसाब से पता चलता है कि कोरोना की मार, ग़रीबों पर ही अधिक पड़ी है। 

रिपोर्ट के मुताबिक़ भारत के अरबपति मुकेश अंबानी की संपत्ति में 24 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। अब अंबानी की कुल संपत्ति 83 अरब डॉलर आंकी गई है।  'हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021' के अनुसार, रिलांयस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर शख्स और दुनिया के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

भारत में अमीरों की सूची में दूसरे स्थान पर गौतम अडाणी एंड फैमिली है। वे 32 अरब डॉ़लर की संपत्ति के मालिक हैं। विश्व के सबसे अमीर लोगों की सूची में गौतम अडाणी इस समय 48वें स्थान पर हैं।

इस रिपोर्ट में 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना काल में वर्ष 2020 के दौरान भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गए। इन्हें मिलाकर भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए।

वैसे तो बहुत से आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस की विश्वव्यापी भयावहता को देखते हुए संसार में गंभीर आर्थिक मंदी का दौर आ सकता है लेकिन अरबपतियों की संपत्ति में हो रही वृद्धि को देखकर लगता है कि यह मुश्किल, अरबपतियों के लिए नहीं है।