Sep ०७, २०२३ १०:५४ Asia/Kolkata
  • सियासी रोटियां सेकने के लिए भारत में नफ़रत की आग भड़काई जा रही हैः राहुल गांधी

राहुल गांधी कहते हैं कि देश में नफ़रत मिटने और भारत के जुड़ने तक उनकी भारत जोड़ो यात्रा जारी रहेगी।  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह बात, अपनी भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर कही। 

भरतीय संचार माध्यमों के अनुसार राहुल गांधी ने कहा है कि हमारा देश बेलगाम मंहगाई और बेरोज़गारी से जूझ रहा है।  सियासी रोटियां सेकने के लिए नफ़रत की आग भड़काई जा रही है।  भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है।  युवा रोज़गार के लिए परेशान हैं और किसान, अपने हक़ के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर है।

राहुल गांधी के अनुसार भारत में जनता की आवाज़ कुचली जा रही है और लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।  लोगों की सिसकियां और आहें सुनने वाला कोई नहीं है।  कांग्रेस के अनुसार हिंदुस्तान की फ़िज़ाओं में नफ़रत और डर का ज़हर घोलकर देश को ज़रूरी मुद्दों से भटकाया जा रहा है।  कांग्रेस का मानना है कि हिंदुस्तान, नफ़रत का नहीं बल्कि मुहब्बत का देश है। 

याद रहे कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज ही के दिन लगभग चार हज़ार किलोमीटर लंबी अपनी भारत यात्रा शुरू की थी।  यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।  यह यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में जाकर समाप्त हुई जो 145 दिनों तक चली थी।

टैग्स