Dec २८, २०२३ १५:०० Asia/Kolkata
  • भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी शुरु कर रहे हैं न्याय यात्रा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा शुरू करेंगे जो 14 राज्यों के 85 ज़िलों को कवर करेगी। यात्रा 20 मार्च को ख़त्म होगी।

ज्ञात रहे कि इससे पहले राहुल गांधी ने पिछले साल कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी जो इस साल की शुरुआत में कश्मीर में ख़त्म हुई थी।

इस बार यात्रा मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होकर मुंबई में खत्म होगी।

26 दिसम्बर को मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि भारत न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र को कवर करेगी।

बताया गया है कि इस बार यात्रा पूरी तरह से भारत जोड़ो यात्रा की तरह पैदल नहीं निकाली जाएगी। इस बार रुक-रुक कर पैदल चलने के साथ बस यात्रा भी शामिल होगी। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी बाद में मीडिया के साथ साझा की जाएगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स सोशल नेटवर्क पोस्ट में बताया कि 14 जनवरी से लेकर 20 मार्च तक 6 हज़ार 200 किलोमीटर लंबी भारत न्याय यात्रा 14 राज्यों के 85 ज़िलों से होकर गुजरेगी।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने तीन मुद्दे उठाए थे, उन्होंने आर्थिक विषमता के मुद्दे को उठाया था, सामाजिक ध्रुवीकरण के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई थी और राजनीतिक तानाशाही जो आज देश की हक़ीक़त बन गई है, उसके बारे में लोगों को अवगत कराया था, वह यात्रा मन की बात करने के लिए नहीं बल्कि जनता की चिंता थी।

बताया गया है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इंफाल से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। उल्लेखनीय है कि मणिपुर में बीते करीब आठ महीनों से जातीय हिंसा से जूझ रहा है, जिसमें हजारों लोग विस्थापित हुए और डेढ़ सौ से अधिक लोग मारे गए हैं। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।

टैग्स