ब्रिटेन की प्रधानमंत्री तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचीं
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा-मे रविवार रात अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंची। उनकी इस याक्षा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा के प्रमुख क्षेत्रों में भारत तथा ब्रिटेन के संबंधों को मज़बूत करना है।
भारत से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान वे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कल मुलाकात करेंगी। वे मोदी के साथ संयुक्त रूप से भारत-ब्रिटेन प्रौद्योगिकी सम्मेलन का उदघाटन भी करेंगी।
टेरीजा-मे के साथ ब्रिटेन के वरिष्ठ मंत्री और उद्योगपतियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भारत आया है। वे मंगलवार को बेंगलूरू जाएंगी जहां कुछ औद्योगिक आयोजनों में भाग लेंगी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से भी मुलाकात करेंगी।
लंदन से रवाना होने से पहले टेरीजा ने भारत को ब्रिटेन का सर्वाधिक महत्वपूर्ण और क़रीबी मित्र बताते हुए भारत को दुनिया की अग्रणी महाशक्ति कहा था। उन्होंने कहा कि हम ब्रिटेन की सर्वश्रेष्ठ चीजों को प्रोत्साहित करेंगे, यह संदेश देंगे कि हम कारोबार के लिए तैयार हैं।
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा में सहयोग को और आगे ले जाने के हमारे साझा दृष्टिकोण पर काम करने के लिए ठोस कदमों पर सहमति के लिए भी काम करना है।
ज्ञात रहे कि टेरीजा ने जुलाई में प्रधानमंत्री का कामकाज संभाला था और उसके बाद यूरोप के बाहर यह उनका पहला द्विपक्षीय दौरा है।