Apr ०४, २०२२ ०९:०९ Asia/Kolkata
  • भूमध्य सागर में 90 से अधिक पलायनकर्ता अपनी जान से हाथ धो बैठे

भूमध्य सागर में ग़ैर कानूनी पलायनकर्ताओं को ले जा रही नाव डूब गयी जिसकी वजह से 90 से अधिक पलायनकर्ता अपनी जान से हाथ धो बैठे।

समाचार एजेन्सी इर्ना ने एसोशिएटेड प्रेस के हवाले से बताया है कि ये पलायनकर्ता पिछले सप्ताह लीबिया में एक नाव में सवार होकर यूरोप जा रहे थे कि रास्ते में उनकी नाव उलट गयी। सवार लोगों में से केवल चार लोग ही जीवित बचे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार जिस समय नाव डूबी उसी समय एक आयल टैंकर वहां से गुज़र रहा था जिसने चार लोगों को बचा लिया। बच जाने वाले लोगों ने बताया है कि वे 100 दूसरे लोगों के साथ एक नाव पर सवार थे जो उलट गयी। जो पलायनकर्ता डूब कर मर गये अभी तक उनकी नागरिकता नहीं बतायी गयी है।

पलायनकर्ताओं की अंतरराष्ट्रीय संस्था ने बताया है कि जारी वर्ष के आरंभ से मार्च महीने के अंत तक भूमध्य सागर में डूबने से 300 लोगों की जान जा चुकी है।

यूरोप के मानवाधिकार आयोग ने अभी कुछ समय पहले घोषणा की थी कि पिछले वर्ष औसतन प्रतिदिन भूमध्य सागर में पांच पलायनकर्ताओं के डूबने से मौत हुई है।

यूरोप में पलायनकर्ताओं के मामलों की परिषद ने एलान किया है कि यूनान जैसे देशों ने पलायनकर्ताओं को स्वीकार करने से इंकार कर दिया है जिसकी वजह से पलायनकर्ता भूमध्य सागर और अटलांटिक महासागर में खतरनाक रास्तों का चयन करने के लिए बाध्य हैं।

पिछले वर्ष स्पेन पहुंचने के प्रयास में चार हजार से अधिक लोगों को समुद्र में डूबने की वजह से अपनी जानों से हाथ धोना पड़ा। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए

 

टैग्स