Jan २१, २०२४ १७:४३ Asia/Kolkata
  • अफ़ग़ानिस्तान में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त

अफ़ग़ानिस्तान के बदख़शां प्रांत में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, लेकिन अभी तक उस पर सवार लोगों की सही संख्या या यह किस देश का विमान था, इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं है।

पहले अफ़ग़ानिस्तान मीडिया की रिपोर्टों में विमान के भारतीय होने का दावा किया गया था। बताया जा रहा था कि विमान दिल्ली से मॉस्को की उड़ान पर था लेकिन भारत सरकार ने स्पष्ट किया है के ये भारतीय नहीं है।

भारतीय सिविल एविएशन मंत्रालय ने एक्स पर बताया कि अफ़ग़ानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त विमान न तो भारतीय शेड्यूल विमान था और न ही ग़ैर शेड्यूल चार्टर एयक्राफ्ट था। यह मोरक्को में रजिस्टर्ड विमान था।

सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोरक्को में रजिस्टर्ड विमान डीएफ़-10 था।

तालिबान कमान की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि यह विमान किस तरह का है और इसमें कौन यात्री सवार थे, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का कहना है कि मीडिया रिपोर्टों से उन्हें विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली है।

इससे पहले अफ़ग़ानिस्तान के टेलीविज़न नेटवर्क तुलू न्यू़ज़ ने ट्वीट करके कहा था कि बदख़शां प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त विमान भारतीय था। विमान तोपख़ाना के पहाड़ों के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि विमान दिल्ली से मॉस्को जा रहा था।

लेकिन रूसी विमानन अधिकारियों ने कहा था कि रूस में रजिस्टर्ड एक विमान वहां के रडार स्क्रीन से ग़ायब हो गया है। यह विमान अफ़ग़ानिस्तान के ऊपर उड़ रहा था।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, रूसी अधिकारियों ने यह भी कहा था कि यह विमान एक एयर एंबुलेंस थी, जो दिल्ली से होते हुए उज़्बेकिस्तान और फिर मॉस्को जा रहा थी। यह 1978 में बना डीएफ-10 विमान था। msm

टैग्स