भारत-पाक तनाव के बीच ट्रम्प का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहा तनाव जल्द ही समाप्त हो सकता है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, इस तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने बड़ा बयान दिया है। वियतनाम के हनोई उत्तरी कोरिया के नेता के साथ चल रही शिखर वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान की ओर से आकर्षक ख़बर आ रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच जारी तनाव जल्द ही समाप्त हो सकता है।अमेरिका का दावा है कि इस सब में वह मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा, ''मुझे लगता है भारत और पाकिस्तान की तरफ़ से एक आकर्षक समाचार आ रहे हैं, दोनों देशों में पिछले काफ़ी समय से तनाव जारी है। हम इस मसले को सुलझाने में हम मध्यस्थता कर रहे हैं, हमें अच्छी ख़बरें मिल रही हैं, हमें उम्मीद है कि दशकों से चला आ रहा दोनों देशों के बीच तनाव अब जल्द ही ख़त्म होगा।’’
याद रहे कि 14 फ़रवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद अमेरिका ने इसकी निंदा की थी और पाकिस्तान को आतंकवादियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्यवाही करने की सलाह दी थी। डोनल्ड ट्रंप ने तब बयान भी दिया था कि भारत ने अपने कई जवानों को खोया है, ऐसे में वह कुछ बड़ा कर सकता है। जिसके बाद भारत ने पाकिस्तानी सीमा में घुसकर एयर स्ट्राइक की थी।
उल्लेखनीय है कि बुधवार देर रात भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो से बात की है। आपको बता दें कि डोनल्ड ट्रम्प इस समय वियतनाम में हैं और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के साथ शिखर वार्ता कर रहे हैं, दोनों नेताओं के बीच में यह दूसरे दौर की शिखर वार्ता है। (RZ)