Nov १८, २०२० १४:१३ Asia/Kolkata
  • ट्रम्प की खिसयाहट का एक और अमेरिकी अधिकारी हुआ शिकार! अमेरिकी राष्ट्रपति इस अफ़सर से क्यों ज़्यादा हैं नाराज़?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प जबसे 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में शर्मनाक तरीक़े से हारे हैं तब से वह हर दिन अपनी हार की खिसयाहट किसी न किसी पर निकाल रहे हैं। इस बार उनका शिकार चुनाव सुरक्षा के लिए ज़िम्मेदार एक वरिष्ठ अधिकारी बना है, जिन्होंने चुनावी धोखाधड़ी के ट्रम्प के आरोपों से इनकार किया था।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, डोनल्ड ट्रम्प ने साइबर सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी (सिसा) के निदेशक क्रिस क्रेब्स को बर्ख़ास्त कर दिया है। अमेरिका के 2020 के राष्ट्रपति पद के चुनाव की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी इसी संघीय एजेंसी के पास थी। एजेंसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के उन दावों को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। हालांकि ट्रम्प ने चुनाव में धांधली के सबूत नहीं पेश किए थे। मंगलवार को ट्रम्प ने इसकी घोषणा ट्विटर के ज़रिए की। अपने ट्वीट में लिखा कि उन्होंने साइबर सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी (सिसा) के निदेशक क्रिस क्रेब्स को बर्ख़ास्त कर दिया है। सिसा आंतरिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत अमेरिका में काम करता है। ट्रम्प प्रशासन ने इसकी स्थापना 2018 में की थी जब 2016 के चुनावों में रूसी हस्तक्षेप के आरोप लगे थे। सिसा का उद्देश्य बाहरी हस्तक्षेप और धोखाधड़ी के सभी रूपों से चुनाव की सुरक्षा करना है। मंगलवार 17 नवंबर को ट्वीट्स की एक श्रृंखला में ट्रम्प ने कहा कि क्रेब्स के हालिया बयान जो राष्ट्रपति चुनाव की सुरक्षा को लेकर दिए गए थे वह "बेहद ग़लत" थे।

वहीं चुनाव अधिकारियों ने ट्रम्प के दावों को ख़ारिज कर दिया है। सिसा और राज्य चुनाव अधिकारियों ने पिछले सप्ताह एक संयुक्त बयान में कहा कि "कोई तत्काल सबूत नहीं" है कि मतपत्र या मतदान मशीन के साथ कोई समझौता किया गया हो। उनका कहना है कि 2020 का चुनाव अमेरिकी इतिहास में सबसे सुरक्षित और पारदर्शी तरीक़े से आयोजित हुए हैं। इस बीच क्रिस क्रेब्स ने भी एक ट्वीट में अपनी बर्ख़ास्तगी की पुष्टि की है। उन्होंने अपने निजी ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट में लिखा, "सेवा कर सम्मानित हूं। हमने सही किया।" स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ क्रेब्स को ट्रम्प के ट्वीट से अपनी बर्ख़ास्तगी की जानकारी मिली। इस बीच इंटेलिजेंस पर सीनेट सेलेक्ट कमेटी के उपाध्यक्ष मार्क वॉर्नर ने क्रेब्स का समर्थन किया है। उन्होंने क्रेब्स को एक "उत्कृष्ट सिविल सेवक" बताया है। उन्होंने कहा, "क्रेब्स ने अमेरिकी उम्मीदों के अनुरूप हमारे चुनाव की सुरक्षा की। ट्रम्प ने उन्हें सिर्फ सच बताने के लिए निकाल दिया, जिससे स्थिति का अंदाज़ा हो जाता है।"

उल्लेखनीय है कि चुनाव में हार के बाद ट्रम्प ने एक महीने के भीतर दूसरी बर्ख़ास्तगी की है। इससे पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री मार्क एस्पर को भी इसी तरह से बर्ख़ास्त कर दिया था और उनकी जगह क्रिस्टोफर मिलर को यह ज़िम्मेदारी सौंपी थी। अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति ने क्रेब्स को निकाले जाने पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। (RZ)

 

टैग्स