Mar १८, २०२४ १७:१४ Asia/Kolkata
  • रूस, राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद अमरीका और पश्चिमी देशों पर पुतिन का हमला

व्लादिमीर पुतिन ने रूस में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करके पांचवीं बार राष्ट्रपति बनने का तमग़ा हासिल कर लिया है।

रूसी संघ के संघीय चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि इस देश के वर्तमान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले छह साल के कार्यकाल के लिए 87 फ़ीसद से भी ज़्यादा वोट हासिल करके चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। जीत के बाद पुतिन ने कहा कि रूस का लोकतंत्र, कई पश्चिमी देशों के लोकतंत्र से कहीं ज़्यादा मज़बूत है। चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार, इस चुनाव में 70 फ़ीसद से अधिक वोटिंग हुई।

दर असल पुतिन उन पश्चिमी देशों की आलोचनाओं का जवाब दे रहे थे, जिन्होंने रूसी राष्ट्रपति चुनाव की आलोचना की है और दावा किया है कि यह चुनाव न तो स्वतंत्र था और न ही निष्पक्ष।

रूस में तीन दिन तक चुनाव चले और रूस के निंयत्रण वाले यूक्रेनी इलाक़ों में और भी लंबी अवधि तक चुनाव जारी रहे।

चुनावों के नतीजों की घोषणा के बाद, रूसी मीडिया ने पुतिन की जीत को बहुत बड़ी जीत बताया। रूस के एक चैनल पर एक पत्रकार ने कहाः व्लादिमीर पुतिन के लिए यह बड़ा जनसमर्थन है और यह पश्चिमी देशों को एक बड़ा संदेश भी है।

2000 में पुतिन पहली बार चार साल के लिए देश के राष्ट्रपति बने। इसके बाद वह 2004 में दोबारा चुने गए और 2008 तक इस पद पर रहे। इसके बाद वह 2012 से 2024 तक रूस के राष्ट्रपति रहे हैं। अपनी जीत के साथ पुतिन अब अगले 6 साल के लिए रूस के राष्ट्रपति होंगे।

रूसी राष्ट्रपति चुनाव में पुतिन की जीत के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इस चुनाव के नतीजे से रूसी समाज  अधिक एकजुट और मज़बूत बनेगा। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि विपक्ष के दिवंगत नेता एलेक्सी नवलनी के समर्थकों के आह्वान पर उनके ख़िलाफ़ जो प्रदर्शन किया गया, उसका चुनाव नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ा। पुतिन ने यह भी कहा कि अमरीका समेत पश्चिमी देशों में लोकतंत्र कमज़ोर हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि रूस में चुनाव प्रणाली अमरीका की तुलना में अधिक पारदर्शी है। हालांकि एलेक्सी नवलनी के समर्थकों ने दावा किया है कि व्लादिमीर पुतिन के लिए घोषित वोटों की संख्या वास्तविक नहीं

जीत के बाद पुतिन ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान रूसी राष्ट्रपति कैंपेन की जमकर तारीफ़ की और कहा कि यह अमेरिका से कहीं बेहतर है। रूस ने ऑनलाइन वोटिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया के तहत 80 लाख वोट डाले गए।

टैग्स