रूस ने आतंकियों के ख़िलाफ़ अफ़ग़ान सरकार को मदद की पेशकश की
(last modified Sun, 24 Jul 2016 06:50:23 GMT )
Jul २४, २०१६ १२:२० Asia/Kolkata
  • अफ़ग़ान स्वयंसेवी 23 जुलाई 2016 को काबुल में शिया हज़ारा समुदाय के प्रदर्शन के दौरान हुए आत्मघाती हमले के स्थल से, हताहतों के शव हटाते हुए
    अफ़ग़ान स्वयंसेवी 23 जुलाई 2016 को काबुल में शिया हज़ारा समुदाय के प्रदर्शन के दौरान हुए आत्मघाती हमले के स्थल से, हताहतों के शव हटाते हुए

रूसी राष्ट्रपति ने अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार को हुए घातक आतंकी हमले के बाद, अफ़ग़ान सरकार को आतंकियों के ख़िलाफ़ लड़ाई में मदद करने की पेशकश की है।

व्लादिमीर पूतिन ने अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी को भेजे सांत्वना संदेश में इस बात की पेशकश की है।

 

क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में आया है, “रूसी राष्ट्र के प्रमुख ने शांतिप्रेमी नागरिकों के ख़िलाफ़ किए गए घृणित अपराध की कड़े शब्दों में भर्त्सना की है और सभी प्रकार के आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में अफ़ग़ान सरकार और जनता के साथ पूरी मुस्तैदी से सहयोग करने की तत्परता दर्शायी है।”

रूसी राष्ट्रपति ने शनिवार को काबुल में हुए घातक आत्मघाती हमले के पीड़ितों के परिजनों को सांत्वना भी दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

10 जुलाई 2016 को रूस के उफ़ा शहर में शंघाई सहयोग संगठन के अवसर पर रूसी राष्ट्रपति पूतिन (दाएं) अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी (बाएं) से बात करते हुए

 

दूसरी ओर अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्रालय ने एक बयान में इस देश में अगले 10 दिन तक किसी प्रकार की जनसभा व समारोह के आयोजन पर रोक लगा दी है।

 

अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी ने टीवी पर प्रसारित सजीव भाषण में, रविवार को राष्ट्रीय शोक का एलान किया है। (MAQ/N)

 

टैग्स