Jan २४, २०२४ १८:१६ Asia/Kolkata
  • 13 रजब हज़रत अली अलैहिस्सलाम के जन्म दिवस का शुभ अवसर है 

रजब का महीना था। ईमान से ओत- प्रोत हज़रत फातेमा बिन्ते असद भी दूसरे लोगों की भांति काबे की परिक्रमा कर रही थीं कि अचानक उन्होंने प्रसव पीड़ा का आभास किया।

उन्होंने महान ईश्वर से प्रार्थना आरंभ कर दी। उन्होंने कहा हे पालनहार! मैं तुझ पर, समस्त पैग़म्बरों पर, समस्त ईश्वरीय दूतों पर और उनके द्वारा लायी गयी किताबों पर ईमान रखती हूं। तू जानता है कि मैं ख़लीलुल्लाह हज़रत इब्राहीम पर ईमान रखती हूं और उनके धर्म को दिल व जान से स्वीकार करती हूं। तुझे काबे की महानता और जो बच्चा मेरे पेट में है और वह मुझसे बात करता है इसका वास्ता तू मेरे लिए इसके जन्म को आसान कर दे।

हज़रत फातेमा बिन्ते असद प्रार्थना के यह शब्द कह ही रहीं थीं कि अचानक दक्षिण पूर्व की ओर से काबे की दीवार फटी और फातेमा बिन्ते असद काबे के अंदर दाखिल हो गयीं और काबे की दीवार दोबारा पहले जैसी हो गयी। काबे के पास मौजूद लोग यह दृष्य देखकर हतप्रभ रह गये और लोगों के माध्यम से यह ख़बर पूरे मदीने में फैल गयी। काबे के चारों ओर लोगों की अपार भीड़ जमा हो गयी ताकि वह इस असाधारण घटना का परिणाम देख सकें। काबे की चाभी जिसके पास थी उसने काबे का दरवाज़ा खोलने का बहुत प्रयास किया परंतु काबे का द्वार नहीं खुला और बहुत से लोग न तो अपने घर गये और न ही काम पर गये।

सबके सब इस प्रतीक्षा में बैठ गये कि देखें कि क्या घटना पेश आयी है। तीन दिन गुज़र गये।

चौथे दिन अचानक काबे की दीवार वहीं से फटी जहां से पहले दिन फटी थी। लोगों की नज़रों के सामने हज़रत फातेमा बिन्ते असद काबे से निकलीं और उनकी गोद में एक नवजात शिशु था। हज़रत फातेमा बिन्ते असद बहुत प्रसन्न थीं और उनकी गोद में जो बच्चा था वह बहुत तेजस्वी था। हज़रत फातेमा बिन्ते असद ने काबे से बाहर मौजूद लोगों को संबोधित करके कहा हे लोगों ईश्वर ने महिलाओं में से मुझे चुना है और मुझे अतीत की महिलाओं पर श्रेष्ठता प्रदान की है। अगर आसिया ने गुप्त रूप से ईश्वर की उपासना की है और अगर मरियम ने अपने शिशु के जन्म के समय सूखे खजूर के नीचे से खजूर चुना तो ईश्वर ने मुझे उन पर और अतीत की समस्त महिलाओं पर श्रेष्ठता प्रदान की है क्योंकि मेरा बेटा काबे में पैदा हुआ है और मैं तीन दिनों तक वहां ईश्वर की मेहमान थी और स्वर्ग के फलों एवं विशेष खानों से मेरी आव-भगत की गयी और काबे से निकलते समय मुझसे कहा गया कि हे फातेमा इस शिशु का नाम अली अर्थात उच्च रखो और मैं सर्वोच्च हूं। मैंने तुम्हारे बेटे को अपनी शक्ति से पैदा किया है और वह इस काबे से अज़ान कहेगा और वह मेरे हबीब मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि व आलेहि व सल्लम के बाद इस क़ौम का मार्गदर्शक होगा, भाग्यशाली है वह जो इससे प्रेम करेगा और उसकी सहायता करेगा और धिक्कार हो उस पर जो इसकी अवज्ञा करे और उसके अधिकार को नष्ट करे”

ईश्वर की असीम कृपा की पहली चमक थी जो एक शिशु के रूप में प्रकट हुई थी और यही बच्चा आगे चलकर मानव समाज में न्याय की प्रतिमूर्ति बना। हज़रत अली अलैहिस्सलाम वह महान हस्ती हैं जिनके बारे में ईसाई लेखक जार्ज जुरदाक़ लिखते हैं” इस महान हस्ती को पहचानें या न पहचानें इतिहास इस बात की गवाही दे रहा है कि वह समाप्त न होने वाली विशेषता के स्वामी हैं, शहीदों के सरदार हैं, न्याय की आवाज़ हैं और पूरब की सर्वकालिक हस्ती हैं। पूरे इतिहास में आदम और हव्वा की संतान में से कोई नहीं है जो अली की भांति न्याय के मार्ग पर चला हो। हज़रत अली अचल पर्वत की भांति डटे रहे और अपनी पवित्र प्रवृत्ति के साथ हर प्रकार के अन्याय व भ्रष्टाचार से संघर्ष करते रहे। वह ठाठे मारते समुद्र की भांति हैं जो पूरे ब्रह्मांड में फैला हुआ है परंतु एक अनाथ बच्चे के आंसू से उसमें टूफ़ान आ जाता है।“

पवित्र कुरआन इस बात पर बल देता है कि हज़रत अली अलैहिस्सलाम महान ईश्वर की उपासना में अग्रणी लोगों में थे और स्पष्ट शब्दों में कहता है कि जो लोग इस्लाम स्वीकार करने में पहले थे वे महान ईश्वर की प्रसन्नता, दया और कृपा प्राप्त करने में भी अग्रणी हैं पवित्र कुरआन इस्लाम में पहल करने को इतनी प्राथमिकता देता है कि जो लोग मक्का पर विजय से पहले मुसलमान हो गये थे और उन्होंने अपनी जान -माल सब इस्लाम पर न्यौछावर कर दिया इन लोगों का यह कार्य और ये लोग उन लोगों से बेहतर हैं जो मक्का पर मुसलमानों की विजय के बाद इस्लाम लाये और इस्लाम के मार्ग में जेहाद किया।

जब पैग़म्बरे इस्लाम ने अपनी पैग़म्बरी की घोषणा की तो हज़रत अबू तालिब अलैहिस्सलाम देखते थे कि उनके बेटे अली पैग़म्बरे इस्लाम के साथ नमाज़ पढ़ते थे। एक दिन हज़रत अबूतालिब ने उनसे पूछा बेटे यह तुम क्या करते हो? हज़रत अली ने जवाब में फरमाया मैं अपने चाचा के बेटे के साथ ईश्वर की प्रसन्नता के लिए नमाज़ पढ़ता हूं। हज़रत अबू तालिब ने उनसे कहाः उनसे कभी अलग मत होना वह भलाई के सिवा किसी और चीज़ की ओर आमंत्रित नहीं करेंगे।

पैग़म्बरी की घोषणा के तीसरे वर्ष महान ईश्वर ने पैग़म्बरे इस्लाम को आदेश दिया कि वे अपने निकट परिजनों को इस्लाम का निमंत्रण दें। पैग़म्बरे इस्लाम ने अपने कुटुम्ब के लगभग चालिस लोगों को एकत्रित किया और उन सबको खाना खिलाया परंतु जब पैग़म्बरे इस्लाम ने कुछ कहना चाहा तो अबू लहब बाधा बन गया और पैग़म्बरे इस्लाम कुछ न कह सके। दूसरे दिन भी पैग़म्बरे इस्लाम ने लोगों को खाने के लिए आमंत्रित किया। लोग जब खाना खा चुके तो पैग़म्बरे इस्लाम ने उनसे कहा तुममें से जो भी इस कार्य में मेरी सहायता करेगा और मुझ पर ईमान लायेगा वह मेरा भाई होगा और मेरे बाद मेरा खलीफा वा उत्तराधिकारी होगा। हज़रत अली अलैहिस्लाम ने उठकर कहा कि हे ईश्वरीय दूत मैं आपकी सहायता करूंगा पैग़म्बरे इस्लाम ने उन्हें बैठा दिया। इस तरह पैग़म्बरे इस्लाम ने दो बार किया और तीसरी बार उन्होंने फरमाया अली मेरे भाई, मेरे वारिस और मेरे बाद तुम्हारे बीच मेरे उत्तराधिकारी हैं”

हज़रत अली अलैहिस्सलाम ने पूरी ज़िन्दगी पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहो अलैहि व आलेहि व सल्लम की सहायता की और उनके पावन अस्तित्व से लाभ उठाया। हज़रत अली अलैहिस्सलाम स्वयं फरमाते हैं हर साल वह हेरा गुफा में ईश्वर की उपासना करते थे और मैं उनको देखता था और मेरे अलावा कोई भी उन्हें नहीं देखता था। उस समय पैग़म्बरे इस्लाम और हज़रत खदीजा के घर के अतिरिक्त कोई भी घर मुसलमान नहीं था। मैं उनमें तीसरा था। मैं पैग़म्बरी एवं ईश्वरीय आदेश वहि के प्रकाश को देखता था और मैं पैग़म्बरी की सुगंध सूंघता था।“

जब क़ुरैश के काफिरों ने पैग़म्बरे इस्लाम को जान से मारने के लिए उनके घर को घेर लिया तो हज़रत अली अलैहिस्सलाम उनके बिस्तर पर सो गये और पैग़म्बरे इस्लाम मक्का से मदीना पलायन कर गये। हज़रत अली अलैहिस्सलाम को पैग़म्बरे इस्लाम की भांति उन लोगों की चिंता थी जो अपने पूर्वजों का धर्म छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। हज़रत अली अलैहिस्सलाम ने अधिकांश युद्धों में भाग लिया जिनमें खन्दक़ और और खैबर नामक युद्ध बहुत प्रसिद्ध हैं।

हज़रत अली अलैहिस्सलाम धार्मिक मूल्यों की प्रतिमूर्ति थे। वह परिज्ञान और उपासना में शिखर थे। हज़रत अली अलैहिस्सलाम ने इंसानों को एक दूसरे के साथ प्रेम से रहना सिखाया। उन्होंने कभी भी वास्तविकता को हितों की भेंट नहीं चढ़ाया। हज़रत अली अलैहिस्सलाम की पावन जीवन शैली मनुष्य की परिपूर्णता का कारण है जिस तरह अगर इंसान हज़रत अली अलैहिस्सलाम के आदेशों एवं शिक्षाओं की अवज्ञा करे तो उसकी पथभ्रष्ठता का कारण बनेगी। पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत अली अलैहिस्सलाम की जीवन शैली के बारे में अम्मार यासिर से इस प्रकार सिफारिश करते हैं” हे अम्मार अगर तुम देखो कि अली अकेले रास्ता जा रहे हैं और समस्त लोग दूसरे रास्ते पर जा रहे हैं तो तुम अली के रास्ते पर जाओ। क्योंकि वह तुम्हें बर्बादी के रास्ते पर नहीं ले जायेंगे और वह तुम्हें सच्चाई और मुक्ति के मार्ग से बाहर नहीं ले जायेंगे”

हज़रत अली अलैहिस्सलाम अच्छाइयों के स्रोत और मानवीय परिपूर्णता के शिखर हैं। वह पैग़म्बरे इस्लाम की जीवन शैली का अनुसरण करते हैं और दोस्त- दुश्मन सभी उनके सदगुणों को स्वीकार करते हैं। हज़रत अली अलैहिस्सलाम मानवीय समाज की आदर्श, अद्वतीय एवं बेजोड़ महान हस्ती हैं। पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत अली अलैहिस्सलाम के बारे में फरमाते हैं” जिस ईश्वर के हाथ में मेरी जान है उसकी शपथ अगर समुद्र सियाही बन जायें और समस्त वृक्ष क़लम बन जायें और इंसान और जिन्नात लिखने वाले बन जायें तब भी अली की विशेषताओं एवं सदगुणों को नहीं लिख सकते।“

इस्लामी इतिहास का अध्ययन करने वाले इस परिणाम पर पहुंचते हैं कि हज़रत अली अलैहिस्सलाम वह महान हस्ती हैं जिन्हें महान ईश्वर और उसके पैग़म्बरे के अलावा किसी ने नहीं पहचाना। पैग़म्बरे इस्लाम का एक कथन है जिसमें आप फरमाते हैं हे अली मेरे और तुम्हारे अलावा किसी ने अल्लाह को नहीं पहचाना और मुझे अल्लाह और तुम्हारे सिवा किसी ने नहीं पहचाना और तुम्हें अल्लाह और मेरे अलावा किसी ने नहीं पहचाना। इस हदीस की रोशनी में पूरे विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि हज़रत अली अलैहिस्सलाम वह महान हस्ती हैं जिन्हें पैग़म्बरे इस्लाम के अलावा किसी ने भी नहीं पहचाना।

हज़रत अली अलैहिस्सलाम वह महान हस्ती हैं जिन्हें कुरआने नातिक़ कहा जाता है। हज़रत अली अलैहिस्सलाम की जीवनी पवित्र कुरआन की अमली व्याख्या है। अगर कोई व्यक्ति पूरे कुरआन का सही तरह से अध्ययन करना चाहता है तो उसे चाहिये कि सबसे पहले किसी प्रकार के भेदभाव के बिना हज़रत अली अलैहिस्सलाम की जीवनी का अध्ययन करे। दूसरे शब्दों में अगर कोई इंसान हज़रत अली अलैहिस्सलाम से विमुख होकर पवित्र कुरआन को समझना व सीखना चाहता है तो वह कभी भी न तो कुरआन समझ सकता है और न सीख सकता है।

एक स्थान पर पैग़म्बरे इस्लाम फरमाते हैं कि मैं ज्ञान का शहर हूं और अली उसके द्वार हैं तो जिसे ज्ञान चाहिये उसे दरवाज़े से आना चाहिये।“ जो इंसान वास्तव में इल्म हासिल करना चाहता है उसे उस महान हस्ती के पर आना होगा जिसने अपनी ज़िन्दगी में बारमबार कहा है कि जो कुछ पूछना चाहते हो मुझसे पूछ लो इससे पहले कि तुम लोग मुझे खो दो, मैं ज़मीन से ज्यादा आसमान के रास्तों को जानता हूं। हज़रत अली अलैहिस्सलाम वह महान हस्ती हैं जिन्होंने पैग़म्बरे इस्लाम के अलावा किसी से भी ज्ञान नहीं सीखा है। हज़रत अली अलैहिस्सलाम ने फरमाया है कि मुझसे पूछो कि कुरआन की कौन सी आयत कहां नाज़िल हुई है? हज़रत अली अलैहिस्सलाम वह महान हस्ती हैं जिन्हें पवित्र कुरआन ने नफ्से पैग़म्बर कहा है। पैग़म्बरे इस्लाम के पौत्र इमाम मोहम्मद बाक़िर अलैहिस्सलाम फरमाते हैं महान ईश्वर ने समस्त पैग़म्बरों के गुप्त व नीहित ज्ञान को पैग़म्बरे इस्लाम में जमा कर दिया और पैग़म्बरे इस्लाम ने समस्त ज्ञानों को हज़रत अली के हवाले कर दिया।“

अगर कोई इंसान यह चाहता है कि महान ईश्वर उसके दिल को हज़रत अली अलैहिस्सलाम की मोहब्बत से भर दे तो उसे चाहिये कि वह सही तरह से हज़रत अली अलैहिस्सलाम की जीवनी और उनके कथनों का अध्ययन करो और उनमें चिंतन- मनन करे। पैग़म्बरे इस्लाम की एक हदीस है जिसमें आप फरमाते हैं कि अली की मोहब्बत एक एसी अच्छाई है जिसे कोई भी बुराई नुकसान नहीं पहुंचा सकती और अली का द्वेष और दुश्मनी एसी बुराई है जिसके बाद कोई भी अच्छाई उसे फायदा नहीं पहुंचायेगी। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें। 

टैग्स