Mar १५, २०२४ २०:२६ Asia/Kolkata
  • कम से कम 16 लोगों की मौत, मरने वालों में कई बच्चे भी शामिल

तुर्किये के तट के करीब एक नौका डूब जाने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है।

नौका में काफी संख्या में सवार होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, जिनके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

तुर्किये तट के करीब प्रवासियों से भरी एक नौका समुद्र में डूब गई। इससे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि यह एक रबर से बनी नौका थी जो शुक्रवार को तुर्किये के उत्तरी एजियन तट के नजदीक डूब गई। गवर्नर इल्हामी अक्तास ने बताया कि तुर्की के तट रक्षक कर्मियों ने कनाक्कले प्रांत के एसेबाट शहर के पास समुद्र से दो प्रवासियों को बचाया, जबकि दो अन्य स्वयं तट तक पहुंचने में सफल रहे।

उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि जब नाव डूबी तो उस पर कितने लोग सवार थे और तटरक्षक बल इलाके की तलाशी कर रहे हैं। अक्तास ने बताया कि मृतकों में चार शिशु और बच्चे हैं। प्रवासियों की राष्ट्रीयता का तत्काल पता नहीं चल पाया है। दस तट रक्षक नौकाएं और दो हेलीकॉप्टर खोज और बचाव अभियान में शामिल हैं। पास के बंदरगाह पर कई एम्बुलेंस को तैयार अवस्था में रखा गया है।

समुद्र में डूबी इस नाव में भारी संख्या में प्रवासियों के सवार होने की आशंका है। हालांकि अभी तक इसमें सवारों की कोई संख्या नहीं बताई गई है। मगर अधिकारियों को शक है कि ज्यादा संख्या में लोगों के सवार होने की वजह से नौका डूबी है। भार अधिक होने से यह लहरों की चपेट में आ गई। लापता लोगों की तलाश जारी है। mm

 

टैग्स