Aug १०, २०२० ०७:१७ Asia/Kolkata
  • जम्मू कश्मीर में भाजपा पर आफ़त, एक हफ़्ते में कार्यकर्ताओं पर तीसरा हमला

जम्मू कश्मीर के बडगाम ज़िले में रविवार को भाजपा के एक कार्यकर्ता को गोली मारकर घायल कर दिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह संदिग्ध हमलावर ने अब्दुल हमीद नज़र को गोली मारी।

सूत्रों का कहना है कि नजर भाजपा कार्यकर्ता हैं और वह मध्य कश्मीर के बडगाम के मोहिंदपुरा इलाक़े के निवासी हैं। अधिकारी ने बताया कि नज़र को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जम्मू कश्मीर में किसी भाजपा नेता या कार्यकर्ता पर पिछले एक सप्ताह में यह तीसरा हमला है। इससे पहले दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड इलाके में बीते छह अगस्त को एक सरपंच की हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने बताया था कि सरपंच सज्जाद अहमद पर उनके आवास के बाहर हमला किया गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी ज़िले में हमलावरों के हमले में एक अन्य सरपंच आरिफ़ अहमद शाह भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।.

हमले में शाह के घायल होने के बाद भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं ने पिछले पांच अगस्त को पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया था।

इससे पहले पिछले जुलाई महीने के शुरुआती हफ्ते में उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सशस्त्र लोगों ने एक भाजपा नेता वसीम अहमद बारी, उनके पिता और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद जम्मू कश्मीर प्राधिकारियों ने नेता की सुरक्षा में कथित लापरवाही के मामले में 10 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया था। (AK)

ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

टैग्स